Sports

भोपाल बना वॉटर स्पोर्ट्स की राजधानी, 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का भव्य आगाज

पुलिस खेलों में भी रच रही इतिहास – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
557 खिलाड़ी, 22 टीमें, 360 मेडल्स और ट्रॉफियों के लिए भिड़ेंगे प्रतिभागी
21 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में कयाकिंग, केनोइंग और रोइंग की होंगी रोमांचक स्पर्धाएं

भोपाल | मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अब देश की वॉटर स्पोर्ट्स राजधानी के रूप में अपनी पहचान बना रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का शुभारंभ किया, जिसमें 22 टीमों के 557 खिलाड़ी 27 प्रतिस्पर्धाओं में 360 मेडल्स और ट्रॉफियों के लिए मुकाबला करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस मौके पर कहा, “पुलिस अपने कर्तव्यों के साथ खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही है। भोपाल का ऐतिहासिक बड़ा तालाब इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन का साक्षी बन रहा है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।”

आयोजन की प्रमुख झलकियां:

22 टीमों के 557 खिलाड़ी, जिनमें 123 महिला खिलाड़ी शामिल
27 प्रतिस्पर्धाओं में कयाकिंग, केनोइंग और रोइंग के रोमांचक मुकाबले
360 मेडल्स और ट्रॉफियों का होगा वितरण
पुलिस बैंड ने देशभक्ति गीतों की धुनों से बांधा समां
मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की

भोपाल बना वॉटर स्पोर्ट्स हब

पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना ने कहा, “भोपाल का बड़ा तालाब वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए आदर्श स्थान बन चुका है। मध्यप्रदेश पहले भी पांच बार इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर चुका है, और अब छठवीं बार इसे होस्ट कर रहा है।”

ये टीमें हैं प्रतियोगिता में शामिल

राज्य पुलिस बलों से: अंडमान निकोबार, असम, बिहार, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों से: असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP), सशस्त्र सीमा बल (SSB)

मुख्यमंत्री ने पुलिस और खिलाड़ियों का किया सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस बलों की खेल प्रतिभा को सराहा और विजयी खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। खेलों के माध्यम से मन, बुद्धि और आत्मा की शुद्धि होती है।”

कब तक चलेगा आयोजन?

यह भव्य आयोजन 17 से 21 फरवरी 2025 तक चलेगा, जिसमें देशभर से पुलिस बलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

Related Articles