नीतीश कुमार के ऐतिहासिक शपथग्रहण पर मध्यप्रदेश में जश्न

जदयू कार्यकर्ताओं ने ढोल–ढमाकों और मिठाई वितरण के साथ मनाया उत्सव

जबलपुर । बिहार में नीतीश कुमार द्वारा 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही पूरे मध्यप्रदेश में उत्साह की लहर दौड़ गई। जदयू कार्यकर्ताओं ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए बड़े उल्लास के साथ जश्न मनाया। कई स्थानों पर ढोल–ढमाकों की गूंज सुनाई दी और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इज़हार किया।

जबलपुर में जोरदार उत्सव, मालवीय चौक पर माल्यार्पण

जबलपुर में जदयू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मालवीय चौक पर एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया। मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण मिठाई वितरण कार्यकर्ताओं का उत्सवपूर्ण स्वागत किया यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

देश में रचा नया इतिहास, जदयू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल

मीडिया से बात करते हुए सूरज जायसवाल ने कहा कि नीतीश जी ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर देश में नया इतिहास रच दिया है। यह उनके जनकल्याणकारी कार्यों में जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण है। एनडीए को दो-तिहाई से अधिक बहुमत मिलना बताता है कि जदयू–भाजपा ने पूर्ण समन्वय के साथ चुनाव लड़ा और जनता ने विकास को प्राथमिकता देते हुए मतदान किया। उन्होंने आगे कहा कि 25 से 30 फिर से नीतीश केवल नारा नहीं रहा, बल्कि यह बिहार के मतदाताओं का संकल्प बन गया। इस चुनाव में जनता ने जातीय समीकरणों से ऊपर उठकर विकास के मुद्दे को प्रमुखता दी है।
जदयू नेताओं ने दी शुभकामनाएँ, जनता के फैसले को बताया ऐतिहासिक

जदयू जबलपुर जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने बिहार के मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत विकास और सुशासन की जीत है। जदयू नेता संतोष नेमा ने कहा कि बिहार का मतदाता पूर्णतः जागरूक है, वह विकास और विनाश के बीच अंतर समझता है और यही कारण है कि उसने एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास जताया।

कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति, मीडिया से सार्थक चर्चा

कार्यक्रम में एडवोकेट राज वर्मा, इमाम खान, उदय पाटील, भारत यदुवंशी, सुषमा बेन, एडवोकेट संजोक कुशवाहा, एडवोकेट सतीश कोरी, इमरान खान, हीरा खान, कंचन चौधरी, महेश दत्त राय सहित अनेक जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version