मास्टर प्लान लागू कराने के लिए सड़कों पर उतरे भोपालवासी

रन फॉर मास्टर प्लान’ में व्यापारी, युवा, डॉक्टर, इंजीनियर और सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल

भोपाल। शहर में मास्टर प्लान लागू कराने और बेहतर भविष्य की मांग को लेकर विधायक आरिफ मसूद के आह्वान पर बुधवार को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का आयोजन किया गया। 11 नंबर से शुरू हुई मैराथन दौड़ हबीबगंज थाना क्षेत्र में राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने पहुंचकर समाप्त हुई। कार्यक्रम में व्यापारी, युवा, छात्र-छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि भोपाल के व्यवस्थित विकास, बढ़ती ट्रैफिक समस्या से राहत और नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मास्टर प्लान लागू होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान लागू नहीं होने से शहर के व्यापारियों और आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मसूद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने गृह क्षेत्र उज्जैन में मास्टर प्लान लागू कर दिया है, जबकि भोपाल के साथ कथित तौर पर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुबह सात बजे से ही बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे। यह भोपाल के लोगों की मास्टर प्लान को लेकर चिंता और मांग को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का उद्देश्य सरकार का ध्यान भोपाल के विकास और लंबे समय से लंबित मास्टर प्लान को लागू करने की मांग की ओर आकर्षित करना है। शहर के सुनियोजित विकास के लिए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना लागू करना जरूरी है।

कई प्रमुख लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल, भोजपुर क्लब के अध्यक्ष अरुणेश्वर सिंह देव, वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत गोधा, अजय गुप्ता, एडवोकेट संजय गुप्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित पांडे सहित अन्य लोग शामिल हुए।

Exit mobile version