कांग्रेस ने एमपी नगर थाने में सौंपा ज्ञापन

भाजपा-आरएसएस समर्थित तत्वों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान का आरोप, एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग

भोपाल, 30 अगस्त 2026। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, जिला भोपाल की ओर से रविवार को एमपी नगर थाने में ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति कथित अपमानजनक व्यवहार और उनके कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना का विरोध किया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस समर्थित तत्वों द्वारा की गई कथित कार्रवाई अमानवीय और छुआछूत की मानसिकता को दर्शाती है। पार्टी ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर की मांग

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को दिए ज्ञापन में संबंधित लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस की कथित मनुवादी मानसिकता की भी आलोचना की और पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष सहित पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, प्रदेश प्रवक्ता अविनव बारोलिया, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी मुकेश बंसल, प्रदेश संगठन महामंत्री रमेश चंद्र बकोरिया, प्रदेश सचिव जगदीश रोहर और महेश वर्मा तथा जिला अध्यक्ष नीरज चंडाले सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा दिलावर ओसवाल, शुभम इंद्रसे, केशव चौहान, रूपेश रमन, अमित बेबी, रवि, प्रिंस, करन और आशीष सहित विभाग के अन्य कार्यकर्ता भी ज्ञापन देने पहुंचे।

Exit mobile version