पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे उद्घाटन, देशभर के साहित्यकार जुटेंगे ‘साहित्यिक महाकुंभ’ में
भोपाल। रीवा में 7 से 9 नवम्बर 2025 तक अखिल भारतीय साहित्य परिषद का 17वां अखिल भारतीय अधिवेशन भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में होगा, जिसका उद्घाटन भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के करकमलों से किया जाएगा। इस तीन दिवसीय अधिवेशन को देशभर के साहित्यकारों, कवियों और भाषाविदों का साहित्यिक महाकुंभ माना जा रहा है।
अधिवेशन की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुशीलचंद्र त्रिवेदी मधुपेश करेंगे, जबकि मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र के मुख्य साहित्यकार विश्वास महीपति पाटिल होंगे। इसके अलावा प्रमुख अतिथियों में डॉ. ऋषि कुमार मिश्र (राष्ट्रीय महामंत्री), डॉ. बी.एन. त्रिपाठी (सीएमडी, पेन्टियम प्वाइंट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स), श्रीधर पराड़कर (राष्ट्रीय संगठन मंत्री) और मनोज (राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री) शामिल रहेंगे। अधिवेशन का संचालन डॉ. पवनपुत्र बादल, राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री द्वारा किया जाएगा। अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा बताते हुए साहित्यकार सीमा रानी झा ने बताया कि कार्यक्रम के संयोजक चन्द्रकांत तिवारी (प्रान्त महामंत्री, महाकौशल प्रान्त) हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 7 नवम्बर को दोपहर 1 बजे प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी। इसके बाद सायं 5:30 बजे शोभा यात्रा और रात्रि 9 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम व कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 8 नवम्बर को सुबह 10 बजे से बैठक, विमर्श और व्याख्यान सत्र, तथा रात 9 बजे सर्वभाषा कवि सम्मेलन होगा। 9 नवम्बर को सुबह 9:30 बजे से विमर्श सत्र और दोपहर 2:30 बजे समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से विभिन्न भाषाओं और बोलियों के साहित्यकार, विद्वान और प्रतिनिधि भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियों में प्रो. राकेश सोनी (प्रान्ताध्यक्ष, महाकौशल प्रान्त), शिवानंद तिवारी (जिलाध्यक्ष, रीवा) एवं पूरी आयोजन समिति सक्रिय भूमिका निभा रही है। परिषद ने सभी साहित्यप्रेमियों, छात्रों और नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है ताकि रीवा की धरती साहित्यिक एकता और सांस्कृतिक संवाद का केंद्र बन सके।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद का 17वां अधिवेशन रीवा में 7 से 9 नवम्बर तक होगा भव्य आयोजन
