National

विश्व योग दिवस: ‘पर्यटन से योग’ का संदेश

5,000 से अधिक पर्यटन सखियों ने 50 पर्यटन स्थलों पर किया योग

**पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से हुआ आयोजन**

भोपाल: मध्य प्रदेश के यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो, भीमबेटका, सांची स्तूप सहित पचमढ़ी, मांडू, ग्वालियर एवं अन्य पर्यटन स्थलों पर ‘पर्यटन से योग’ का संदेश देने के लिए विश्व योग दिवस मनाया गया। इस आयोजन में 5,000 से अधिक पर्यटन सखियों ने प्रदेश के 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर योग के विभिन्न आसन किए। योग अभ्यास पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से हुआ, जिसमें योग विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन किया।

टूरिज्म बोर्ड ने स्थानीय महिलाओं को पर्यटन से जोड़ने और प्रेरित करने के उद्देश्य से उन्हें योग के लिए आमंत्रित किया। इसके तहत महिला हेतु सुरक्षित पर्यटन परियोजना के अंतर्गत 20 संकुलों के 50 पर्यटन स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं को पर्यटन स्थलों से अवगत कराना और उन्हें दूसरों को पर्यटन के लिए प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित करना था।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ को ध्यान में रखते हुए योग अभ्यास किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सदस्य, परियोजना के हितधारक, होटल व्यवसायी, कौशल और आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त युवतियां/महिलाएं, स्कूल और महाविद्यालयों की छात्राएं, और पर्यटन उद्यम से जुड़े प्रतिष्ठान प्रमुख शामिल हुए।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्भया कोष और पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित महिला हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के तहत मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने 10,000 महिलाओं को रोजगार और 40,000 महिलाओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी है। इसके परिणामस्वरूप, महिलाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार मिलने के साथ-साथ महिला पर्यटकों में भी सुरक्षा और सहजता की भावना बढ़ी है। अब तक 8,000 से अधिक महिलाओं को पर्यटन क्षेत्र के 48 जॉब रोल में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

“दिल खोल के घूमो, हिंदुस्तान के दिल में आप सेफ हैं” के ध्येय वाक्य के साथ, पर्यटन बोर्ड के प्रयासों से प्रदेश में महिला सोलो पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

Related Articles