भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह की जयंती के अवसर पर बुधवार को प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, शिवाजी नगर और बोर्ड ऑफिस चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और अनुयायियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने अर्जुन सिंह को “एक विचारधारा” बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बोर्ड ऑफिस चौराहे पर स्थित अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर अर्जुन सिंह के पुत्र पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और अभिमन्यु सिंह ने अपने पिता की स्मृतियों को नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि अर्जुन सिंह केवल व्यक्ति नहीं थे, वे एक विचारधारा थे सामाजिक न्याय, गरीबों के सशक्तिकरण और संस्कृति के संरक्षण की विचारधारा। उन्होंने अपने जीवनकाल में जिस प्रकार पंजाब में राज्यपाल रहते हुए बिना सेना की सहायता के आतंकवाद को समाप्त किया, वह अपने आप में एक ऐतिहासिक उदाहरण है।
उन्होंने आगे कहा कि अर्जुन सिंह की विचारधारा, नेहरू जी के बाद भारतीय राजनीति में सबसे गहन और दूरदर्शी थी।
आज जब विश्व भारत की लोकतांत्रिक परंपरा की ओर देख रहा है, ऐसे समय में अर्जुन सिंह जैसी राजनीतिक विरासत देश के लिए मार्गदर्शक है। चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अर्जुन सिंह जी के आदर्शों और विचारधारा को अपनाते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्ति:
पूर्व मंत्री मुकेश नायक, पी.सी. शर्मा, चंद्रिका द्विवेदी, दिलीप मिश्रा, महेन्द्र सिंह चौहान, कल्पना वर्मा, सुखेन्द्र सिंह बना, प्रहलाद टिपानिया, अजीत भदौरिया, अभिनव बरोलिया, शिवप्रसाद प्रधान, जे.पी. धनोपिया, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि अर्जुन सिंह की विचारधारा सामाजिक न्याय, शिक्षा और समरसता को सदैव जीवित रखा जाएगा।
अर्जुन सिंह एक विचारधारा थे, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने दी श्रद्धांजलि
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
