उत्तर प्रदेश: कुशीनगर के खड्डा थाने में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला, दारोगा ने आरोपी को चार दिन थाने में बैठाकर वसूले 83,800 रुपये

कुशीनगर ।  उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र से पुलिस भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खड्डा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सूर्यनाथ पासवान पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने एक युवक को प्रेम-प्रसंग के मामले में हिरासत में लेकर न सिर्फ थाने में चार दिन तक बैठाया, बल्कि उसे छोड़ने के एवज में परिवार से 1.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित परिवार द्वारा काफी मिन्नतों के बाद दारोगा ने 83,800 रुपये लेकर युवक को जेल भेज दिया।

यह घटना खड्डा थाना क्षेत्र के तुर्कहा गांव की बताई जा रही है। परिवार वालों का आरोप है कि आरोपी दारोगा ने उन्हें कई दिनों तक प्रताड़ित किया और बार-बार घर आकर पैसों की मांग करता रहा। जब पीड़ित परिवार ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्चाधिकारियों से की, तो दारोगा खुद पीड़ित के घर पहुंचा और परिवार के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।

बताया जा रहा है कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर सूर्यनाथ पासवान ने खुद कबूल किया है कि उसने 80 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए थे। यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और कुशीनगर पुलिस में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर रहा है।

पुलिस विभाग की छवि पर दाग: इस घटना ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश पुलिस में भ्रष्टाचार और थाने स्तर पर चल रही अवैध वसूली की गंभीरता को सामने ला दिया है। अब यह देखना अहम होगा कि संबंधित उच्चाधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

Exit mobile version