भोपाल में शुरू हुआ अत्याधुनिक कैंसर हीलर सेंटर, मध्य भारत के मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ कैंसर सलाह और समग्र देखभाल
भोपाल में कैंसर मरीजों के लिए राहतभरी पहल के तहत नया कैंसर हीलर सेंटर शुरू किया गया है। तेजी से बढ़ते कैंसर मामलों और छोटे शहरों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की कमी को देखते हुए शुरू किया गया यह सेंटर मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को घर के करीब बेहतर कैंसर परामर्श और दीर्घकालिक देखभाल उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
भारत में कैंसर एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बनता जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार बदलती जीवनशैली, तंबाकू और शराब का सेवन, मोटापा, प्रदूषण तथा तनाव जैसी वजहों से कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR-NCDIR) के अनुमान के मुताबिक वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश में लगभग 88 हजार नए कैंसर मरीज सामने आ सकते हैं, जिनमें बड़ी संख्या पुरुषों और महिलाओं दोनों की होगी।
मरीजों को मिलेगा सेकेंड ओपिनियन और लगातार मेडिकल सपोर्ट
नया कैंसर हीलर सेंटर विशेष रूप से उन मरीजों के लिए मददगार साबित हो सकता है, जिन्हें सही समय पर विशेषज्ञ सलाह, सेकेंड ओपिनियन, रिपोर्ट विश्लेषण और उपचार के दौरान लगातार मेडिकल मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। अक्सर छोटे शहरों के मरीजों को इलाज और परामर्श के लिए दिल्ली, मुंबई या अन्य बड़े शहरों की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ता है।
भोपाल में शुरू हुआ यह सेंटर मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ कैंसर गाइडेंस उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह देश में कैंसर हीलर सेंटर का 28वां सेंटर है।
इम्यूनोलॉजी आधारित देखभाल मॉडल पर होगा काम
सेंटर की कार्यप्रणाली इम्यूनोलॉजी आधारित कैंसर केयर मॉडल पर आधारित बताई गई है। इसमें मरीज की कैंसर प्रोफाइल, रोग प्रतिरोधक क्षमता, मेडिकल हिस्ट्री, पूर्व उपचारों के प्रभाव और संपूर्ण स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन कर व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार की जाएगी।
सेंटर का “कैंसर हीलर थेरेपी” मॉडल इंटीग्रेटिव कैंसर केयर प्रोटोकॉल पर आधारित है, जिसका उद्देश्य शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को सहयोग देना और मरीजों को समग्र स्वास्थ्य सहायता प्रदान करना है। विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक कैंसर उपचार में केवल दवाइयां ही नहीं, बल्कि मानसिक सहयोग, पोषण सलाह और निरंतर निगरानी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मध्य भारत के मरीजों के लिए बड़ी सुविधा
लॉन्च अवसर पर कैंसर हीलर सेंटर के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. तरंग कृष्णा ने कहा कि भोपाल में सेंटर शुरू होने से मध्य भारत के मरीजों को घर के करीब विशेषज्ञ सलाह, सही दिशा और नियमित देखभाल मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि कैंसर उपचार के दौरान भावनात्मक सहयोग और समय पर मेडिकल गाइडेंस मरीजों के आत्मविश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कैंसर जागरूकता और शुरुआती जांच पर भी रहेगा फोकस
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कैंसर के खिलाफ लड़ाई में शुरुआती पहचान सबसे प्रभावी हथियार है। नियमित जांच, तंबाकू से दूरी, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता और समय पर चिकित्सकीय सलाह से कई प्रकार के कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।
भोपाल में शुरू हुआ यह नया सेंटर न केवल उपचार सहायता प्रदान करेगा, बल्कि कैंसर जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग और मरीजों की लंबी अवधि की निगरानी पर भी विशेष ध्यान देगा।