Lमुंबई में 1 से 4 मई 2025 तक आयोजित हो रहे World Audio Visual and Entertainment Summit (WAVES) 2025 में मध्यप्रदेश सरकार अतुलनीय मध्यप्रदेश की थीम के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और रचनात्मक क्षमताओं का भव्य प्रदर्शन कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन वाले इस वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025 और AVGC-XR नीति 2025 का भी विशेष प्रदर्शन होगा, जिससे प्रदेश को भारत के रचनात्मक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
“अमृतस्य मध्यप्रदेश”: सांस्कृतिक विरासत का भव्य नृत्य-नाटिका प्रदर्शन
2 मई की शाम WAVES 2025 में कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में 100 से अधिक कलाकारों द्वारा “अमृतस्य मध्यप्रदेश” नामक विशेष नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। यह प्रस्तुति प्रदेश की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहरों को मंच पर जीवंत करेगी। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम से मध्यप्रदेश पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती मिलेगी।
AVGC-XR नीति 2025: मध्यप्रदेश बनेगा एनिमेशन और गेमिंग उद्योग का हब
3 मई को आयोजित पैनल चर्चा में “डिजिटल सपनों और सिनेमाई दृष्टिकोण के साथ: मध्यप्रदेश – अगला रचनात्मक केंद्र” विषय पर चर्चा होगी। इसमें AVGC (Animation, Visual Effects, Gaming, Comics) और XR (Extended Reality) नीति को प्रस्तुत किया जाएगा। नीति का लक्ष्य 2029 तक 2,000 करोड़ रुपए का निवेश और 20,000 से अधिक रोजगार सृजन करना है। इस चर्चा में एकता कपूर, आशीष एस. कुलकर्णी, ज्योर्तिमय सहा, शोभा संत सहित देश के प्रमुख रचनात्मक उद्योगों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025 को मिलेगा नया मंच
मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025 को WAVES 2025 में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इस नीति के तहत स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा, महिलाओं के सशक्तिकरण, फिल्म शूटिंग के अनुकूल वातावरण और सुविधाजनक अनुमतियाँ जैसे कई नवाचार शामिल हैं। फिल्म निर्माता और निवेशक इस नीति के तहत राज्य में फिल्म निर्माण के आकर्षक अवसर देख सकेंगे।
“अतुलनीय मध्यप्रदेश” पेवेलियन: पर्यटन की डिजिटल झलक
WAVES 2025 के कार्यक्रम स्थल पर 60 वर्ग मीटर में फैला “अतुलनीय मध्यप्रदेश” पेवेलियन लगाया गया है। इसमें टच स्क्रीन, एलसीडी डिस्प्ले और एनामॉर्फिक स्क्रीन के ज़रिए प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, वन्य जीव अभयारण्यों और सांस्कृतिक धरोहरों को दर्शाया जाएगा। आगंतुकों को मध्यप्रदेश पर्यटन नीति, फिल्म नीति, ब्रोशर, टूरिज्म मैप और सोवेनियर भी प्रदान किए जाएंगे।
मध्यप्रदेश: भारत का अगला रचनात्मक और पर्यटन केंद्र
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार WAVES 2025 को एक रणनीतिक अवसर के रूप में देख रही है, जिससे राज्य को ग्लोबल मीडिया, फिल्म निर्माण, एनीमेशन और डिजिटल मनोरंजन उद्योगों में अग्रणी स्थान दिलाया जा सके। यह आयोजन न केवल मध्यप्रदेश की पर्यटन क्षमता को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करेगा, बल्कि रचनात्मक अर्थव्यवस्था में निवेश और रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगा।
WAVES 2025 में मध्यप्रदेश की रचनात्मक शक्ति का वैश्विक प्रदर्शन, फिल्म और पर्यटन नीति को मिलेगा नया मंच
