Entertainment

मानुषी छिल्लर ने जयपुर इवेंट में दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश, कहा- ‘महिला सशक्तिकरण मेरे दिल के करीब

मुंबई: मिस वर्ल्ड रह चुकी मानुषी छिल्लर ने हाल ही में जयपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) की महिला विंग आईआरएसएलए द्वारा किया गया था। इवेंट में मानुषी ने महिला अधिकारियों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण और जीवन लक्ष्यों के निर्धारण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि परिवार का समर्थन महिलाओं की सफलता में अहम भूमिका निभाता है।

मीडिया से बातचीत के दौरान मानुषी ने कहा, “महिला सशक्तिकरण मेरे दिल के बहुत करीब है। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कुछ है जो एक महिला नहीं कर सकती, बस उन्हें सही दिशा और प्लेटफॉर्म की जरूरत है। मैं यहां आकर बहुत खुश हूँ और इतने सारे महिला अधिकारियों को देखकर गर्व महसूस कर रही हूँ। उम्मीद है कि लोग मुझसे प्रेरणा लेंगे और समझेंगे कि सही सपोर्ट के साथ कुछ भी हासिल किया जा सकता है।”

इस कार्यक्रम में मीनाक्षी रंगा, रेणु अमिताभ, महेंद्र रंगा, राजेश ढींगरा और सीके जैन जैसी कई प्रमुख हस्तियाँ भी उपस्थित रहीं।

महिला सशक्तिकरण के लिए मानुषी का अभियान ‘शक्ति’

मानुषी छिल्लर लंबे समय से महिला सशक्तिकरण की समर्थक रही हैं। उनके सीएसआर प्रोजेक्ट ‘शक्ति’ ने मेंस्ट्रुअल हाइजीन को बढ़ावा देने और इसे सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है, जिससे हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

अभिनय में भी मचा रहीं हैं धमाल

मिस वर्ल्ड से एक्ट्रेस बनीं मानुषी अपनी आने वाली फिल्म ‘तेहरान’ में जॉन अब्राहम के साथ नजर आएंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। इसके अलावा, हाल ही में उन्हें ‘ट्रेलब्लेज़िंग स्टार ऑफ़ द ईयर अवार्ड’ से भी सम्मानित किया गया, जिससे उनकी लोकप्रियता में और इज़ाफा हुआ है।

मानुषी ने अपने बयान और सामाजिक कार्यों से यह साबित किया है कि खूबसूरती को अच्छाई के लिए एक शक्ति के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। वह न केवल मनोरंजन जगत में बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में भी प्रेरणा बनकर उभर रही हैं।

Related Articles