पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा से ओंकारेश्वर पहुंचीं सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत, सेवा की सराहना की

भोपाल। प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं लोकसभा सांसद कंगना रनौत बुधवार, 24 दिसंबर को मुंबई से इंदौर पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा के माध्यम से दोपहर 3 बजे इंदौर से हेलीकॉप्टर द्वारा ओंकारेश्वर के लिए उड़ान भरी। ओंकारेश्वर पहुंचकर उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और शाम 5 बजे पुनः पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा से इंदौर लौट आईं।
सेवा को बताया सुविधाजनक और समय-संरक्षक
सांसद कंगना रनौत ने पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सेवा तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए बेहद सुविधाजनक, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली है। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन संभव होना इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ा लाभ मिल रहा है।
मध्यप्रदेश को मिली पर्यटन में नई उड़ान
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना है, जहां इंट्रा स्टेट एयर सर्विसेज की शुरुआत की गई है। पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़ा जा रहा है।
आध्यात्मिक पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा के नियमित संचालन से न केवल यात्रा समय में कमी आई है, बल्कि मध्यप्रदेश पर्यटन को नई गति मिली है। यह पहल राज्य को तेजी से देश के प्रमुख पर्यटन और आध्यात्मिक गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



