भारत पर्व 2025 में मध्यप्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और स्वाद का दिखेगा अद्भुत संगम
भोपाल। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया में आयोजित भारत पर्व 2025 में आज मध्यप्रदेश दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करते हुए इस पर्व में देश की एकता, विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रस्तुत किया जा रहा है।
संस्कृति और पर्यटन का आकर्षक संगम
भारत पर्व में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगभग 25 वर्गमीटर क्षेत्रफल में तैयार विशेष थीम पवेलियन आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें खजुराहो, सांची, भीमबेटका, मांडू, ओरछा, उज्जैन और ओंकारेश्वर जैसे विश्व प्रसिद्ध धरोहर स्थलों की झलक प्रस्तुत की जा रही है।
साथ ही, कान्हा, पेंच और बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यानों की प्राकृतिक सुंदरता, और चंदेरी, महेश्वरी वस्त्र, गोंड पेंटिंग, डोकरा कला, बाघ प्रिंट जैसे हस्तशिल्पों से ‘हृदय प्रदेश’ की पहचान को जीवंत किया गया है।
अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि भारत पर्व हमारे देश की सांस्कृतिक एकता और विविधता का उत्सव है। मध्यप्रदेश केवल भारत का हृदय नहीं, बल्कि उसकी आत्मा है, जहां की परंपराएं, कला और स्वाद देश की आत्मीयता को प्रकट करते हैं।
फ्लेवर फ्रॉम द हार्ट ऑफ इंडिया : मध्यप्रदेश के स्वाद की महक
11 नवंबर को एमपी टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा आयोजित स्टूडियो किचन शो में प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों की लाइव प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें बुंदेलखंड का सन्नाटा, मालवा का भुट्टे की कीस, चंबल का थोपा, बघेलखंड का मटर निमोना और शहडोल की कुटकी की खीर जैसे व्यंजन आगंतुकों को दिल से भारत के स्वाद का अनुभव कराएंगे।
संस्कृति की नृत्यगाथा
संस्कृति विभाग की ओर से प्रसिद्ध नृत्य संयोजिका मैत्रीय पहाड़ी द्वारा अमृतस्य मध्य प्रदेश शीर्षक से भव्य नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी, जो भीमबेटका से लेकर खजुराहो, उज्जैन, मांडू और ओंकारेश्वर तक की सांस्कृतिक यात्रा को मंच पर जीवंत करेगी।
स्टेच्यू ऑफ यूनिटी केवड़िया में आज मनाया जाएगा मध्यप्रदेश दिवस, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल
