Featured

प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व योगी परखेंगे आज सुरक्षा व्यवस्था

मथुरा । उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर के रेलवे ग्राउंड में 23 नवंबर को ब्रज रज उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन प्रस्तावित है। लोकसभा चुनाव 2024 से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी की ब्रज यात्रा के चुनावी मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, 2014 लोकसभा चुनाव से पूर्व आगरा में शंखनाद रैली कर मोदी जीत के रथ पर सवार हुए थे। कहा जा रहा है कि 2024 के चुनाव से पूर्व बांके बिहारी का आशीर्वाद लेने और ब्रज को बड़ी सौगात देने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के लिए ब्रजभूमि चुनावी लहजे से शुभ रही है। ब्रज रज उत्सव का आयोजन उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद, उप्र पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। मंगलवार से इसकी शुरुआत इशिता विश्वकर्मा के भजन और गीतों के साथ हुई। 14 दिवसीय इस कार्यक्रम के मध्य में 23 नवंबर को मीरा बाई की जयंती है।

कृष्णभक्त मीरा की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मथुरा आने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण बांके बिहारी कॉरिडोर का मामला माना जा रहा है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि एक-दो दिन में हाईकोर्ट अपना फैसला सुना देगा। इसके बाद पीएम 23 नवंबर को कॉरिडोर का एलान कर सकते हैं, जो कि सीधे तौर पर लोकसभा चुनाव में फायदा पहुंचाएगा। इसके अलावा महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का दो दिवसीय दौरा।

इस दौरे के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ईदगाह विवाद की जानकारी जुटाना। अब तक दाखिल केसों की स्थिति और इस मुद्दे के प्रति जनता की रुचि को जानना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर भी देवेंद्र फडणवीस के जरिये रिपोर्ट जुटा रहे हैं और मंच से इस मुद्दे पर भी अपने विचार रख सकते हैं, जिससे की 2024 के लोकसभा चुनाव में श्रीराम जन्मभूमि के मुद्दे की तरह इसे भुनाया जा सके।

पीएम बनने के बाद पहली बार ब्रज में मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पूर्व सितंबर 2019 में मथुरा आए थे। इसके बाद उनका यहां का दौरा नहीं हुआ। जबकि वर्तमान में ब्रजभूमि ईदगाह-श्रीकृष्ण जन्मस्थान विवाद से लेकर बांके बिहारी कॉरिडोर तक खूब चर्चाओं में है।

ईदगाह-श्रीकृष्ण जन्मस्थान विवाद तो लोकसभा चुनाव का मुद्दा भी बनाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में पीएम के आगमन को लेकर माना जा रहा है कि वह ब्रज को कोई चुनावी सौगात देकर ब्रजवासियों को लुभा सकते हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह के मुद्दे को उठाकर हिंदुत्व की राजनीती को धार दे सकते हैं।

चेहरा चमकाने में जुटे लोक सभा टिकट के आकांक्षी

प्रधानमंत्री के आगमन की सूचना पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर पदाधिकारी भी अलर्ट हो गए हैं। पार्टी पदाधिकारी की कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी हुई। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मोदी की उनसे मथुरा में पार्टी या संगठन के कौन-कौन लोग मिल सकेंगे। मगर, लोकसभा टिकट के आकांक्षी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बहाने अपना चेहरा चमकाने में जुटे हुए हैं। कुछ तो प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने की जोड़-तोड़ में भी लग रहे हैं।

Related Articles

Back to top button