World

यूपी की पिंक रिक्शा चलाने वाली आरती को मिला रॉयल अवॉर्ड

लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया सम्मानित
बहराइच,। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं वह हर काम को अंजाम दे रही है और नाम भी कमा रही हैं। इस उक्ति को यूपी के बहराइच की आरती ने चरित्रार्थ कर दिखाया है। इंग्लैंड में सम्मानित होने वाली आरती की उपलब्धि कुछ खास है। बहराइच डीएम मोनिका रानी ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत पांच महिलाओं को गांधी जयंती पर पिंक रिक्शा उपलब्ध कराने की पहल की थी। नगरीय विकास अभिकरण द्वारा संचालित स्वरोज़गार कार्यक्रम (एसईपीआई) के अन्तर्गत निराश्रित महिला बिट्टा, सायरा, मेघा, शिव कुमारी व आरती का चयन किया गया था। तलाकशुदा यह महिलाएं शहर की सड़कों पर पिंक ऑटो चला रही हैं। सरिता को इसके लिए इंग्लैंड में सम्मानित किया गया है।
जिले के रिसिया ब्लॉक की रहने वाली आरती को 22 मई को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रिंस ट्रस्ट द्वारा यूके रॉयल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। आगा खान फाउण्डेशन से जुड़ी आरती को ज़िला प्रशासन की ओर से 2 अक्टूबर 2023 को यूपी सरकार की पिंक ई रिक्शा स्कीम के तहत ई-रिक्शा दिया गया था। यूके रॉयल अवार्ड के लिए सम्पूर्ण विश्व से नामांकन मांगा गया था। जिसमें ई-रिक्शा चालक आरती का नाम भी भेजा गया था। आरती का चयन अमल क्लूनी महिला सशक्तिकरण’ अवॉर्ड के लिए चयनित हुआ। कार्यक्रम के लिए लंदन आने-जाने के लिए प्रिंस ट्रस्ट ने आरती की मदद भी की।
आगा खान फाउण्डेशन की सीईओ टिनी साहनी और कार्यक्रम अधिकारी सीमा शुक्ला ने आरती के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद आरती और अन्य प्रतिभागियों ने विश्व प्रसिद्ध बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स से मुलाकात भी की। डीएम मोनिका रानी ने रिक्शा चालक आरती को यूके रॉयल अवॉर्ड मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है जिले की महिलाएं आरती से प्रेरणा लेकर अपने लिए स्वावलम्बन की राह चुनकर नई इबारत लिखेंगी।

Related Articles