
सेहत की देखभाल करने का खास तरीका इजाद किया
टोक्यो । जापान वो देश है, जिसके एक प्रांत में दिन में एक बार हंसना बेहद जरुरी है। यहां इस तरह का कानून बना दिया गया है। ये विचित्र मगर कारगर कानून को बाकायदा पास किया गया है। पिछले हफ्ते जापान के यामागाटा पर्फेक्चर में प्रशासन ने अपने लोगों की सेहत की देखभाल करने का खास तरीका इजाद किया है।
प्रशासन ने ये कानून बना दिया है कि अब लोगों को दिन में कम से कम 1 बार जरूर हंसना पड़ेगा। दरअसल, इस नियम को बनाने के पीछे एक रिसर्च है, जिसे हाल ही में वहां की यूनिवर्सिटी में किया गया है। यामागाटा यूनिवर्सिटी की रिसर्च में ये दावा किया गया है कि हंसने से सेहत पर बहुत फायदा होता है। दिल की बीमारियां इससे कम होती हैं और इंसान की आयु भी बढ़ती है। इस कानून के तहत हंसने पर जबरदस्ती जोर नहीं दिया जा रहा है, हालांकि, इसके जरिए नागरिकों को दिनभर खुशहाल माहौल बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कानून के तहत कार्यस्थलों को भी हल्का-फुल्का माहौल बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अब हर महीने की 8वीं तारीख को हास्य दिवस के रूप में मनाया जाएगा। एक तरह इस कानून से प्रशासन बेहतर माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, दूसरी तरफ प्रशासन को इस कानून से आपत्ति है।
जैपनीज़ कम्यूनिस्ट पार्टी ने आरोप लगाया है कि ये कानून इंसान की आजादी का हनन करता है। विपक्ष का कहना है कि हंसने का अधिकार या न हंसने का अधिकार संविधान के द्वारा दिया हुआ अधिकार है। कॉन्स्टिट्यूशनल डेमोक्रैटिक पार्टी की ओर से कहा गया है कि ये कानून उन लोगों का ख्याल नहीं रखता, जो किसी बीमारी, जुल्म, या दुख की वजह से नहीं हंसते। दूसरी ओर प्रशासन का बार-बार कहना है कि ये प्रोत्साहन के तौर पर बनाया गया कानून है, आदेश नहीं। अगर कोई नहीं हंसता, तो उसके ऊपर किसी भी तरह का जुर्माना नहीं लगाया गया है। बता दें कि हंसना सेहत के लिए बेहद जरूरी है। कई बीमारियां तो सिर्फ हंसने से ही खत्म हो जाती हैं।