पश्चिम मध्य रेलवे ने अप्रैल में उन्नत रेल संरक्षा और परिचालन के लिए 60 थिक वेब स्विच और 2 इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल स्थापित किए।
भोपाल: रेल परिचालन और संरक्षा में सतत विकास के प्रयासों के तहत, पश्चिम मध्य रेलवे ने विभिन्न रेलखंडों में गति बढ़ाने के लिए नवीनतम तकनीकी समाधानों का उपयोग किया है। महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के नेतृत्व में, रेलवे ने तीनों मंडलों में थिक वेब स्विच और इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल (आईबीएस) की स्थापना की है, जिससे रेलवे की इंजीनियरिंग, दूरसंचार, सिग्नलिंग, परिचालन और विद्युत विभागों के सहयोग से गति और संरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इस वर्ष के अप्रैल माह में, जबलपुर मंडल में 57, भोपाल मंडल में 2, और कोटा मंडल में 1 थिक वेब स्विच स्थापित किए गए। इसके अलावा, जबलपुर मंडल के विजयसोता-छैतनि और ब्योहारी-डुबरीकलां रेलखंड स्टेशनों के बीच 2 आईबीएस स्थापित किए गए, जिससे ट्रेनों की डिस्पैच और रिसीविंग में देरी कम हुई और डबल लाइन सेक्शन पर रेलखंड की क्षमता में वृद्धि हुई।
थिक वेब स्विच की प्रमुख विशेषताएं:
– ट्रैक पर अनुमानित गति में वृद्धि।
– सामान्य प्वाइंट की तुलना में अधिक विश्वसनीयता।
– संरक्षा के दृष्टिकोण से अधिक सुरक्षित।
– कांक्रीट स्लीपरों पर आसानी से स्थापना, जिससे जीवनकाल तीन गुना बढ़ता है।
इंटरमीडिएट ब्लॉक सिगनल प्रणाली (आईबीएस) की मुख्य विशेषताएं:
– सेक्शन क्षमता में वृद्धि।
– रेलगाड़ियों की निकटता कम करने और गति बढ़ाने से समय की बचत।
पश्चिम मध्य रेलवे ने डिजिटल तकनीकों के उपयोग में अग्रणी प्रयास किए हैं, जिससे रेल परिचालन में उच्च तकनीकी नवाचारों को अपनाया जा सके।



