
खाद्य आपूर्ति विभाग ने 18 सिलेंडरों से भरा वाहन पकड़ा, कई सिलेंडरों में मिली कम गैस
भोपाल। राजधानी भोपाल में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलेट्री गैस एजेंसी से जुड़े एक वाहन को जब्त किया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक दल ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए 18 गैस सिलेंडरों से भरे वाहन को पकड़ा, जिसमें कई सिलेंडरों के दस्तावेज नहीं मिले और कुछ सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस पाई गई।
सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव ने बताया कि कलेक्ट्रेट के सामने से गुजर रहे वाहन क्रमांक एमपी 04 जीबी 4770 पर मिलेट्री गैस एजेंसी का पास लगा हुआ था। सामान्य क्षेत्र में सैन्य वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ के दौरान चालक संतोषजनक दस्तावेज और गैस सिलेंडरों के बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में वाहन में मौजूद 18 सिलेंडरों में से 9 सिलेंडरों में 2 से 3 किलो गैस कम पाई गई। इसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वाहन सहित 9 सिलेंडर जब्त कर लिए। वहीं नापतौल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कम गैस मिलने पर अलग से प्रकरण तैयार किया।
मामले की सूचना सेना को भी दी गई, जिसके बाद सेना के मेजर मौके पर पहुंचे और सैन्य स्तर पर जांच कराने की बात कही। जब्त वाहन को फिलहाल कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है।