
भोपाल जिला चिकित्सालय की शाम की ओपीडी जांच में अधिकांश चिकित्सक मिले उपस्थित
भोपाल, 13 मई। राजधानी भोपाल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने बुधवार को जयप्रकाश जिला चिकित्सालय की शाम की ओपीडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश चिकित्सक उपस्थित पाए गए, जबकि तीन डॉक्टर अनुपस्थित मिले, जिनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने शाम 5:15 बजे से 5:30 बजे तक अस्पताल के दंत रोग, नेत्र रोग, मानसिक रोग, अस्थि रोग, मेडिसिन, शल्य क्रिया, नाक-कान-गला तथा त्वचा रोग विभागों की ओपीडी का निरीक्षण किया। लगातार मॉनिटरिंग और निरीक्षण के कारण इस बार अधिकांश चिकित्सकों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई।
हालांकि निरीक्षण के दौरान दंत चिकित्सक डॉ. नीलिमा सोनी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जय कुमार साहू और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलू गुप्ता अपने ओपीडी कक्ष में उपस्थित नहीं मिले। मरीजों को हुई असुविधा को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चिकित्सकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।



