
घटना के वक्त फैक्ट्री में काम कर रहे थे 7 मजदूर
भोपाल। गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पाउडर कोटिंग फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर ब्लास्ट हो गया, जिससे वहां आग लग गई है। इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे चार कर्मचारी घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में रुचि रेस्टोरेंट के पास शुभ हास्पिटल है। इसके सामने माइकल इंडस्ट्री नाम की पाउडर कोटिंग कंपनी है। इसमें सात कर्मचारी काम करते हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के समय सभी कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक से पाउडर कोटिंग भट्टी में ब्लास्ट हो गया। इससे दो पुरुष और दो महिलाएं घायल हो गई। महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को समय पर नहीं मिला इलाज
फैक्ट्री के प्रबंधक दीपक अग्रवाल ने बताया कि इस घटना में कपिल, परमानंद, मधु और रुक्मणी नाम के कर्मचारी घायल हुए हैं। इन्हें लेकर हम हमीदिया अस्पताल पहुंचे, तो देर शाम तक केवल दो घायलों को ही भर्ती किया गया, जबकि दो लोगों को लेकर इधर से उधर भटकते रहे। हम निजी अस्पताल में इलाज कराना चाहते थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन वहां के लिए भी रेफर नहीं कर रहा था ।



