
भोपाल। राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में दूसरी कक्षा की 8 साल की बच्ची के साथ एक निजी बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची को दाल-चावल में कुछ नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे वह बेसुध हो गई। होश आया तो एक व्यक्ति उसके साथ गलत काम कर रहा था, जबकि एक अन्य व्यक्ति पास में ही खड़ा था। घटना चार से पांच दिन पुरानी बताई जा रही है। बच्ची 15 दिन पहले ही हॉस्टल में आई थी। मंगलवार रात पुलिस ने धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर की है। हॉस्टल वार्डन समेत तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है। इधर, स्कूल संचालिका ने सभी आरोप बेबुनियाद बताए हैं।
10 दिन पहले पढ़ने के लिए स्कूल में कराया था भर्ती
मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक, आठ वर्षीय बच्ची को उसकी मां ने करीब 10 दिन पहले पढ़ने के लिए स्कूल में भर्ती कराया था। स्कूल के छात्रावास में उसके रहने का इंतजाम किया गया था।
बच्ची को लेकर पुलिस थाने पहुंची मां
सोमवार रात बच्ची ने मां को घटना की जानकारी दी तो वह रात में ही बच्ची को लेकर थाने पहुंच गई और मामले की शिकायत की। इस पर पुलिस ने तत्काल महिला उपनिरीक्षक के साथ बच्ची को अस्पताल भेजा, लेकिन बच्ची की मां ने रात में चिकित्सा परीक्षण कराने से मना कर दिया।
चिकित्सा परीक्षण में घटना की पुष्टि हुई
मंगलवार को चिकित्सा परीक्षण में घटना की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित पर दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की पहचान के लिए बुधवार से स्कूल के संचालक समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करेगी।



