शिकायतों में लापरवाही पर 3 मुख्य नगर पालिका अधिकारी निलंबित, नगरीय प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई

भोपाल: सीएम हेल्पलाइन और पेयजल शिकायतों में लापरवाही पड़ी भारी
भोपाल, 13 मई। मध्यप्रदेश में आमजन को शुद्ध पेयजल और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 3 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद विजयपुर के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा पर स्वच्छ जल अभियान के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज दूषित पेयजल शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने के आरोप लगे हैं। शिकायतें एल-4 स्तर तक पहुंचने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर विभाग ने कड़ा कदम उठाया।
वहीं, अमृत 2.0 योजना में लापरवाही के चलते नगर परिषद भाण्डेर, जिला दतिया के मुख्य नगर पालिका अधिकारी हनुमंत भदौरिया को भी निलंबित किया गया है। उन पर संविदाकार को समय पर लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस जारी नहीं करने और योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी करने के आरोप हैं।
इसके अलावा नगर परिषद बडौनी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर पर हितग्राही योजनाओं, स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आई। विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
आयुक्त संकेत भोंडवे ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं में लापरवाही और जनता की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।



