State

गोवंश से भरे ट्रक को ग्रामीणों ने पकडक़र किया पुलिस के हवाले

ट्रक में भरे 55 गोवंश में से 49 मिले मृत, नाराज हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम
अशोकनगर । जिले के विदिशा रोड स्थित बमनाई हवेली गांव के पास ग्रामीणों ने एक गोवंश से भरा हुआ ट्रक पकड़ लिया। जिसमें लगभग 55 मवेशी भरे हुए थे। इन मवेशियों को इसकदर ठूसकर भरा हुआ था कि लगभग 49 गोवंश की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने के बाद सुबह के समय पुलिस की टीम व गौ-सेवक मौके पर पहुंचे। पहले जिंदा गायों को बाहर निकाला गया। इसके बाद मरी हुई गायों को बाहर निकाला। वहीं नाराज हिंदू संगठनों ने चक्काजाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी अनुसार शनिवार सुबह के समय कुछ लोग सडक़ की और गए तो एक ट्रक नंबर आरजे17 जीबी1411 खड़ा हुआ था। ट्रक का टायर पंचर था और कुछ लोग उसका टायर ठीक कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों को शंका हुई और ट्रक के पास पहुंचे तो कुछ मवेशियों के होने की आहट हुई जिसके बाद उन लोगों ने अंदर झांककर देखा तो ट्रक में दो भाग थे ऊपर और नीचे दोनों ही और मवेशी भरे हुए थे। जिसके बाद उन लोगों ने उन्हें पकडऩे का प्रयत्न किया, लेकिन वह भाग गए। ग्रामीणों का कहना है कि उनके साथ एक बाइक भी चल रही थी टोटल तीन व्यक्ति थे जो मौके से भगा निकले। यह ट्रक अशोकनगर की ओर से आ रहा था और विदिशा की ओर जा रहा था। वहीं जब कुछ देर तक कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा तो आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने मरे हुए गौवंश को नीचे उतारकर सडक़ पर डाल दिया, जिसके बाद दोनों तरफ जाम की स्थिति निर्मित हो गई। जानकारी लगने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कुंवर, एसडीएम अनिल बनवारिया, तहसीलदार एसडीओपी विवेक शर्मा व बड़ी संख्या में पुलिस भी मौके पर पहुंची। साथ ही विधायक हरी बाबू राय भी मौके पर पहुंच गए। नगरपालिका के वाहनों में जेसीबी की मदद से मरे गौवंश को भरा जा रहा है। इस दौरान दोनों और सडक़ पर जाम लगा है।
पुलिस से भी हुई नोंक-झोंक:
जब कुछ देर तक पुलिस प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे तो ट्रक के निचले हिस्से में भरे कुछ गोवंश को ऊतार कर सडक़ पर डाल दिए जिसके बाद दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन रुक गए। दोनों और लगभग आधे किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को निकालने का प्रयत्न किया तो वहां मौजूद लोगों से पुलिस की नौंक-झोंक हो गई। काफी देर तक बहस चली, इसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे कुछ वाहन निकल सके। इसके बाद फिर से ग्रामीण धरना पर बैठ गए।
मृत गौवंशों का करवाया जाएगा पोस्टमॉर्टम
इस घटना की जानकारी लगने के बाद पशु चिकित्सालय के डॉक्टरों की टीम भी मौके पर पहुंची और जो पशु जिंदा बचे हुए थे। जिसे तत्काल बाहर निकाल कर उनका उपचार किया गया। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि अब वह पशु स्वास्थ्य हैं लेकिन अभी उनके पैर लंबे समय तक बंधे हुए होने की वजह से सही नहीं हो पा रहे। कुछ पशु अभी भी अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पा रहे डॉक्टर के मुताबिक पशुओं की मौत लगभग 12 घंटे पहले हो चुकी थी। जिससे उनके पैरों में जकडऩ आ गई थी। जिन पशुओं की मौत हो गई है उन पशुओं का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। दोपहर करीब 2 तक सभी मृत गोवंश को ट्रक से उतारा गया। जिसके बाद नगर पालिका के वाहनों से उन सभी मृत गोवंशों को ट्रिंचिंग ग्राउंड भेज दिया गया है। जहां पर मृत गोवंशों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

Related Articles