
गुना । गुना में मिनी ट्रक पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई। 4 लोग गंभीर घायल हैं। हादसा सोमवार तडक़े 3.30 बजे एबी रोड पर म्याना से आधा किलोमीटर दूर हुआ। म्याना थाना प्रभारी संजीत माबई ने बताया कि मिनी ट्रक में 6 मजदूर, ड्राइवर और क्लीनर थे। शुरुआती तौर पर यह समझ आ रहा है कि शायद ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। ट्रक डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया से नीचे गिरा। 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मजदूर उत्तर प्रदेश में कानपुर के बताए जा रहे हैं। ड्राइवर अशोक रायबरेली का रहने वाला है। उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। घायल और मृतक मजदूर कानपुर के रहने वाले हैं। उन्हें कर्नाटक जाना था। ट्रक में उनकी बाइक, खाना बनाने का सामान, कपड़े और दूसरा जरूरी सामान था। हादसे के बाद सारा सामान बिखर गया। मृतकों और घायलों के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। वे लोग गुना के लिए रवाना हो गए हैं।



