
इंदौर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय और कालानी नगर सेवा केंद्र ने मिलकर “आध्यात्मिक सशक्तिकरण द्वारा स्वच्छ और स्वस्थ समाज” विषय पर एक मीडिया परिसंवाद का आयोजन किया। इस आयोजन में विभिन्न मीडिया हाउसेस के संपादकों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी और अन्य वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। ब्रह्माकुमारी अनीता दीदी ने बताया कि इंदौर बाह्य स्वच्छता में अग्रणी है, परंतु अब समय है कि आंतरिक स्वच्छता पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने पत्रकारों से आध्यात्मिक सशक्तिकरण की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया, ताकि वे समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकें।
अशोक मेहता जी ने आध्यात्मिक सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यही संस्कृति, नैतिकता, और मानवता की भावनाओं को हमारे कर्मों में लाता है। ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी ने जोर देकर कहा कि विचारों की स्वच्छता के बिना स्वच्छ समाज की स्थापना संभव नहीं है।
प्रवीण खारीवाल जी ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा मीडिया को मूल्यनिष्ठ बनाने के प्रयासों की सराहना की। अन्य पत्रकारों ने भी इस विषय पर अपने विचार साझा किए। ब्रह्माकुमारी उषा दीदी ने योग कमेंट्री के माध्यम से राजयोग की गहन अनुभूति का अनुभव कराया।



