भोपाल रेलवे स्टेशन पर बनेगा नया VIP पॉड होटल, प्लेटफॉर्म 1 पर तैयार होंगे 70 पॉड, प्लेटफॉर्म 6 के पॉड होटल को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स

भोपाल। यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रेलवे लगातार काम कर रहा है। अब भोपाल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर 70 नए VIP पॉड होटल तैयार किए जाएंगे। यह होटल अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे और इन्हें एग्जीक्यूटिव लाउंज के ऊपर, करीब 20 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में बनाया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, यह निर्णय प्लेटफॉर्म 6 पर पहले से मौजूद पॉड होटल को यात्रियों से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए लिया गया है। प्लेटफॉर्म 6 पर बनाए गए 58 पॉड्स में से औसतन 45 पॉड हमेशा भरे रहते हैं, जिससे यह सेवा यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई है।
क्या है पॉड होटल की सुविधा?
पॉड होटल एक प्रकार की कॉम्पैक्ट और आरामदायक निजी विश्राम सुविधा होती है, जिसमें यात्री थोड़े समय के लिए विश्राम कर सकते हैं। इसमें AC, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, लाइट कंट्रोल, टीवी, लॉकिंग सिस्टम और इंटीरियर जैसी सुविधाएं होती हैं।
यात्री इस सुविधा का लाभ रेलवे काउंटर या डिजिटल माध्यमों से बुकिंग करके उठा सकते हैं।





