सितारे ज़मीन पर” फिल्म का पहला शो दिव्यांग बच्चों के नाम, उमंग गौरवदीप वेलफेयर सोसाइटी के छात्र-छात्राएं देखेंगे विशेष स्क्रीनिंग

भोपाल । दिव्यांगजनों की प्रेरणा और आत्मविश्वास को समर्पित फिल्म “सितारे ज़मीन पर” का प्रदर्शन शुक्रवार से भोपाल के सिनेमा घरों में प्रारंभ हो रहा है। फिल्म के पहले दिन, पहले शो को और भी खास बनाते हुए, उमंग गौरवदीप वेलफेयर सोसाइटी के दिव्यांग छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ मिलकर इस फिल्म को देखने संगीत सिनेमा जाएंगे।
यह विशेष शो दिनांक 20 जून 2025 (शुक्रवार) को प्रातः 11:30 बजे आयोजित किया गया है। फिल्म में 10 स्पेशली एबल्ड बच्चों की जिंदगी, संघर्ष और आत्मबल को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है, जो समाज को समावेशिता और संवेदनशीलता का संदेश देती है।
उमंग गौरवदीप वेलफेयर सोसाइटी, जो वर्षों से दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है, इस पहल को एक प्रेरणादायक अवसर के रूप में देख रही है। संस्था के अध्यक्ष और शिक्षकों का मानना है कि इस तरह की फिल्मों को देखने से बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और समाज से जुड़ने की भावना मजबूत होती है।
यह आयोजन न केवल समाज को समावेशी सोच की ओर प्रेरित करेगा, बल्कि स्पेशली एबल्ड बच्चों के अधिकारों और क्षमताओं के प्रति समाज की दृष्टि को भी और अधिक सकारात्मक बनाएगा।







