
भिंड । एसडीएम लहार विजय सिंह यादव और तहसीलदार विकास कैमोर ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति जांचने के लिए ग्राम अचलपुरा, काथा, लोहचरा और बारहेट का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित पाए गए दो पटवारियों का वेतन राजसात करने और लापरवाह कोटवार को पद से हटाने के सख्त निर्देश दिए गए।
पटवारियों पर सख्त कार्रवाई
ग्राम लोहचरा के पटवारी अजय श्रीवास्तव पिछले 15 दिनों से बिना सूचना अनुपस्थित थे, जिस पर उनका मार्च माह का 15 दिन का वेतन राजसात करने का आदेश जारी हुआ। ग्राम बारहेट के पटवारी विकास कुशवाहा को कर्तव्य स्थल से गैरहाजिर और कार्य में लापरवाही का दोषी पाया गया। उनका मार्च माह का वेतन अगले आदेश तक रोका गया।
लापरवाह कोटवार पर कार्रवाई
ग्राम बारहेट में ग्रामीणों की शिकायतों और लगातार अनुपस्थित रहने के चलते कोटवार सुदामा परिहार को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया।
ग्राम विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
ग्राम काथा में हरिजन मोहल्ले में पड़े कचरे को तुरंत हटाने के निर्देश सरपंच और सचिव को दिए गए।
नाले के निर्माण में देरी पर सख्त कदम:
ग्रामीणों ने शिकायत की कि बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति के बावजूद सरपंच मलखान शाक्य ने नाले के निर्माण में उदासीनता दिखाई। 48 घंटे के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश, अन्यथा पंचायत का डोंगल बंद कर धारा 40 के तहत नोटिस जारी करने के आदेश जनपद सीईओ को दिए गए।




