
**प्रदेश की प्रमुख योग शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को मिलेगा सम्मान**
भोपाल। एडुजीलाइफ (एजुकेशन फार गर्ल लाइफ) संस्था द्वारा आयोजित पहले राज्य स्तरीय योगिनी अवॉर्ड और सम्मेलन का आयोजन 21 सितंबर को राजधानी भोपाल में किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 09 बजे से शाम 05 बजे तक मित्तल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सभागार में भोपाल मेमोमोरियल अस्पताल के सामने आयोजित किया जाएगा।
एडुजीलाइफ संस्था की संस्थापक अध्यक्ष एवं इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, आई एल, भारी उद्योग मंत्रालय दिल्ली की डॉ. आर.एच. लता ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय योगिनी अवार्ड का चौथा वर्ष है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश-विदेश में योग के प्रसार को बढ़ावा देना और इस क्षेत्र में वर्षों से कार्य कर रही मातृशक्ति को उच्च सम्मान और सहयोग प्रदान करना है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, सुश्री निर्मला भूरिया (मंत्री महिला एवं बाल विकास), 1008 महामंडलेश्वर स्वामी नरसिंह दास महाराज, विधायक सागर शैलेंद्र जैन, और गुजरात से श्री प्रताप सिंह सहित अन्य प्रमुख अतिथि उपस्थित रहेंगे।
डॉ. लता ने कहा कि इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले से एक योग शिक्षिका, जिन्हें योगिनी कहा जाएगा, को सम्मानित किया जाएगा। चयन समिति के सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। चयन समिति में डॉ. श्रीमती किरण सेजवार (पूर्व रीजनल हेल्थ डायरेक्टर), डॉ. शैलजा तिवारी (अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय में योग की प्रोफेसर), और डॉ. वंदना गुप्ता (सामाजिक सेविका) शामिल हैं। डॉ. वंदना गुप्ता इस आयोजन की शुरुआत शंखनाद के साथ करेंगी।
इस अवसर पर कुछ प्रमुख पत्रकारों का भी सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने योग के प्रचार में योगदान दिया है। इनमें सुरेश उप्रेति, विनय उजाला के संपादक संदीप सिंह गहरवार, स्वदेश के संपादक अक्षत शर्मा, और द क्लिफ न्यूज के संपादक राजीव त्रिवेदी शामिल हैं।
डॉ. लता ने कहा कि एडुजीलाइफ इस अवार्ड के माध्यम से योगिनी की ऊर्जा को संजोने का प्रयास कर रही है, और यह कार्यक्रम भारत में योग के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को मान्यता प्रदान करता है।