State

भोपाल ट्रैफिक पुलिस के निशानेबाजों का ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में चयन, विक्रम रघुवंशी और महिला शूटरों ने जीते गोल्ड मेडल

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में भोपाल यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। यह प्रतियोगिता 18वीं ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स शूटिंग चैंपियनशिप 2024-25 (AIPSC) में प्रतिभागियों के चयन हेतु आयोजित की गई थी। AIPSC का आयोजन 24 से 29 मार्च 2025 के बीच सीएसडब्ल्यूटी, बीएसएफ, इंदौर में किया गया।

इस राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता में भोपाल ट्रैफिक पुलिस की ओर से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री विक्रम रघुवंशी, महिला आरक्षक इंग्लिश नायक (म.आर-3707) और सोनम दुबे (म.आर-4208) ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।

एडीसीपी विक्रम रघुवंशी को दो स्वर्ण पदक

पुरुष वर्ग की शूटिंग प्रतियोगिता में एडीसीपी श्री विक्रम रघुवंशी ने 10 मीटर एयर रायफल और 50 मीटर .22 एयर रायफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीते। उनका यह प्रदर्शन उन्हें ऑल इंडिया चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए योग्य बनाता है।

महिला निशानेबाजों ने भी लहराया परचम

महिला वर्ग में म.आर इंग्लिश नायक ने 10 मीटर एयर रायफल में स्वर्ण पदक और .38 रिवॉल्वर प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं म.आर सोनम दुबे ने 10 मीटर एयर पिस्टल में गोल्ड, .38 रिवॉल्वर में सिल्वर, और 300 मीटर 3 पी इंसास रायफल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीते।

सम्मान समारोह में बढ़ाया गौरव

इन सभी मेडल विजेता पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को भोपाल यातायात शाखा द्वारा उनके कार्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल भोपाल पुलिस बल का नाम रोशन करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि ट्रैफिक ड्यूटी में तत्पर रहने वाले अधिकारी भी खेल के क्षेत्र में अव्वल साबित हो सकते हैं।

Related Articles