गुना दुर्घटना पर प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया: प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पहुंचे घटनास्थल, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता

गुना/भोपाल। मध्यप्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र अंतर्गत धरनावदा गांव में हुए हृदयविदारक सड़क हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने त्वरित संवेदनशीलता और संजीदगी के साथ कदम उठाए हैं। दुर्घटना की खबर मिलते ही गुना जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत मंगलवार देर रात ही गुना पहुंचे। बुधवार सुबह उन्होंने अधिकारियों के साथ दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की।
प्रभारी मंत्री ने जताया शोक, दिलाया सहायता का भरोसा
मंत्री श्री राजपूत ने इस दुखद घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि, “राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हर स्तर पर खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी तुरंत घटना की जानकारी दी गई, और उनके निर्देशानुसार प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता पहुंचाई जा रही है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजन को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाए।
घटना की जांच के आदेश
प्रभारी मंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराई जाए। उन्होंने कहा, “यह आवश्यक है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जांच समिति बनाकर तथ्यात्मक जानकारी जुटाई जाएगी।”
प्रशासन रहा सतर्क, संवेदनशीलता से की कार्रवाई
दुर्घटना के बाद गुना जिला प्रशासन द्वारा तत्काल रेस्क्यू और राहत कार्य शुरू किया गया। संबंधित पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य अमले और राजस्व टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान संचालित किया। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देकर गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की उपस्थिति
प्रभारी मंत्री के साथ क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, और सामाजिक संस्थाएं भी मौके पर मौजूद रहीं। सभी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की।






