
भोपाल। राजधानी के भानपुर क्षेत्र स्थित RRV रीगल प्रोजेक्ट को लेकर नगर निगम भोपाल ने बड़ी कार्रवाई की है। शुभ बिजनेस जोन वार्ड-76, ज़ोन-17, पीपुल्स यूनिवर्सिटी के सामने बने इस प्रोजेक्ट के खिलाफ नगर निगम ने मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 302(1) के तहत नोटिस जारी किया है।
नगर निगम की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रोजेक्ट में अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसे तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रोजेक्ट के मालिक गौरव शर्मा, उनके साझेदार हर्षवर्धन दीक्षित और शशि शर्मा के खिलाफ भी गंभीर शिकायतें दर्ज हुई हैं।
तय समय पर पजेशन न देने और धोखाधड़ी के आरोप
RRV रीगल प्रोजेक्ट के खिलाफ खरीदारों ने कई शिकायतें दर्ज कराई हैं कि उन्हें तय समय पर पजेशन नहीं दिया गया। आरोप है कि कंपनी ने करोड़ों रुपये की वसूली कर ली है, लेकिन अब तक लोगों को उनके फ्लैट या दुकानें नहीं सौंपी गई हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें जानबूझकर गुमराह किया गया और षड्यंत्रपूर्वक रकम हड़प ली गई।
नगर निगम का सख्त रुख
नगर निगम भोपाल ने अवैध निर्माण और उपभोक्ताओं के साथ हो रहे धोखाधड़ी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए RRV रीगल प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि नोटिस के अनुसार कार्यवाही नहीं की गई तो विधिक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।





