State

पेंशन ट्रांसफर के लिए रिश्वत लेते नगर निगम का कर्मचारी गिरफ्तार

3 हजार की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त ने किया रंगे हाथ गिरफ्तार

भोपाल . राजधानी भोपाल के माता मंदिर स्थित नगर निगम के पेंशन कार्यालय में एक भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जहां पेंशन शाखा में पदस्थ लिपिक दौलत कुमार घोसले को लोकायुक्त टीम ने 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी दौलत कुमार ने फरियादी से उसके दिवंगत पिता की पेंशन उसकी माँ के नाम ट्रांसफर करने के एवज में 5 हजार रुपये की मांग की थी।

लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, फरियादी मुकेश दनके, जो पंचशील नगर भोपाल में निवास करते हैं, ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त, भोपाल से की थी। मुकेश के पिता नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जिनका हाल ही में निधन हो गया। पिता की पेंशन को उनकी माँ के नाम पर ट्रांसफर करवाने के लिए मुकेश ने नगर निगम कार्यालय के पेंशन शाखा से संपर्क किया था। इसी दौरान लिपिक दौलत कुमार ने 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। बातचीत में दौलत कुमार ने 3 हजार रुपये पर समझौता कर लिया और फरियादी को पेंशन कार्यालय में बुलाया। जैसे ही दौलत कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में आरोपी के खिलाफ धारा 7 पीसी एक्ट 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक उमा कुशवाह के नेतृत्व में हुई, जिसमें प्रधान आरक्षक नेहा परदेशी, बृज बिहारी पांडे, राजेंद्र पावन, और मुकेश पटेल की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

पढ़ते रहें, भ्रष्टाचार से जुड़ी सभी खबरें।

Related Articles