State

सांसद आलोक शर्मा ने  रेलवे स्टेशन पर प्रदेश का पहला पॉड होटल का शुभारंभ किया,  यात्री उठा सकेंगे आरामदायक और किफायती ठहराव का लाभ

भोपाल । राजधानी के मुख्य रेलवे स्टेशन पर मध्यप्रदेश का पहला पॉड स्टाइल होटल का शुभारंभ  सांसद आलोक शर्मा के द्वारा  किया गया ।    यह पॉड होटल यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और आरामदायक ठहराव का विकल्प देगा, जो खास तौर पर ट्रांजिट यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

मुंबई सेंट्रल के बाद भोपाल बना देश का दूसरा पॉड होटल स्टेशन

साल 2021 में मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर देश का पहला पॉड होटल शुरू किया गया था। अब उसी तर्ज पर भोपाल रेलवे स्टेशन पर यह सुविधा शुरू की जा रही है। यह न केवल मध्यप्रदेश का पहला पॉड होटल है, बल्कि देशभर के यात्रियों के लिए भी यह एक शानदार और नया अनुभव लेकर आया है।

78 पॉड्स की क्षमता, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस

भोपाल स्टेशन पर तैयार किए गए इस पॉड होटल में कुल 78 पॉड्स बनाए गए हैं। ये पॉड्स स्लीपिंग कैप्सूल्स की तरह होते हैं, जिनमें व्यक्तिगत लाइट, चार्जिंग पॉइंट, एसी वेंटिलेशन, डिजिटल लॉकिंग सिस्टम, वाई-फाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। होटल में सिंगल पॉड, डबल पॉड और स्पेशल पॉड फॉर वीमेन जैसी श्रेणियाँ उपलब्ध हैं।

भोपाल स्टेशन पर बढ़ती यात्रियों की संख्या के मद्देनजर शुरू की गई सुविधा

रेलवे प्रशासन के अनुसार, भोपाल जंक्शन पर हर दिन लाखों यात्री आते-जाते हैं। इनमें से कई यात्री ऐसे होते हैं जिन्हें कुछ घंटों के लिए रुकने की जरूरत होती है। ऐसे यात्रियों को ध्यान में रखते हुए इस पॉड होटल की योजना तैयार की गई थी, जो अब छह साल बाद साकार हो पाई है।

यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और सस्ता ठहराव

इस पॉड होटल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और बजट फ्रेंडली ठहरने की सुविधा देना है। यह खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद है जो ट्रेन का इंतजार कर रहे हों या किसी ट्रांजिट के दौरान कुछ समय के लिए रुकना चाहते हों।

Related Articles