
भोपाल, । एम्स भोपाल और पॉलिमैथ सोसाइटी ने खाद्य सुरक्षा और मिलावट विरोधी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह की अध्यक्षता में हुआ। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य खाद्य मिलावट को रोकना, नीतिगत पहल करना और समाज को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना है।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर एम्स भोपाल के एफ एम टी विभागाध्यक्ष डॉ. अरनीत अरोड़ा और पॉलिमैथ सोसाइटी के अध्यक्ष श्री राजीव सिंह ने किए। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्री पटेल ने इस समझौते को खाद्य सुरक्षा और स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा, “इस साझौते से मिलावट रहित भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और यह समाज में बीमारियों की रोकथाम में सहायक साबित होगा।”
एम्स भोपाल के अध्यक्ष डॉ. सुनील मलिक ने बताया कि यह समझौता खाद्य मिलावट को रोकने के लिए नीतिगत उपायों पर काम करेगा और गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान करेगा। प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “इस साझेदारी से हम स्वास्थ्य सेवाओं और शोध में उत्कृष्टता को बढ़ावा देंगे और समाज के लिए नवाचार के नए रास्ते खोजेंगे।”
पॉलिमैथ सोसाइटी के अध्यक्ष श्री राजीव सिंह ने कहा, “हम इस समझौते के माध्यम से खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लाने के लिए काम करेंगे।”
यह समझौता एम्स भोपाल और पॉलिमैथ सोसाइटी के बीच सहयोग को मजबूत करेगा और दोनों संगठनों के सामूहिक प्रयासों से खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।




