महापौर मालती राय ने सफाई मित्रों संग किया योग: मानस भवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर निगम का सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित

सफाई मित्रों को दिया स्वास्थ्य, सम्मान और संतुलित जीवन का संदेश
भोपाल । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भोपाल नगर निगम द्वारा मानस भवन में एक विशेष सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महापौर श्रीमती मालती राय ने नगर निगम के सफाई मित्रों के साथ मिलकर योगासन कर उन्हें स्वास्थ्य और सम्मान का संदेश दिया।
महापौर मालती राय ने इस अवसर पर कहा कि“योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी शांत करता है। नगर निगम के सफाई मित्र शहर की स्वच्छता के लिए निरंतर परिश्रम करते हैं, ऐसे में योग उनके लिए स्वास्थ्य, ऊर्जा और मानसिक संतुलन का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।”
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर निगम के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से –
एमआईसी सदस्य श्री आर.के. सिंह बघेल
एमसीसी सदस्य श्रीमती बृजला सचान
जोन अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बाविसा
सहायक आयुक्त श्रीमती कीर्ति चौहान
नगर निगम के समस्त सहायक स्वास्थ्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण सम्मिलित रहे।
सभी उपस्थित जनों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और प्राणायाम जैसी योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
योग से सशक्त सफाई मित्र
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नगर निगम के सफाई मित्रों को मानसिक तनाव से मुक्ति, शारीरिक चुस्ती और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में प्रेरित करना था। नगर निगम द्वारा यह पहल ‘स्वस्थ कर्मी, स्वस्थ नगर’ के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
महापौर ने यह भी आश्वासन दिया कि सफाई मित्रों के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि उनके स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो सके।





