State

मध्यप्रदेश पुलिस का महिला सुरक्षा नवाचार “हम होंगे कामयाब” राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस की महिला सुरक्षा शाखा द्वारा महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम, जागरूकता और पीड़िताओं के पुनर्वास के लिए चलाए गए नवाचार “हम होंगे कामयाब” को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हुआ है। 29 अगस्त 2024 को हैदराबाद में तेलंगाना पुलिस महिला सुरक्षा विंग द्वारा आयोजित नेशनल टेक्निकल कंसल्टेशन समारोह में इस पहल को पुरस्कार ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से एसएसपी किरणलता केरकट्टा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

10 सितंबर को पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने महिला सुरक्षा शाखा की स्पेशल डीजी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, आईजी हिमानी खन्ना, यूएन वूमेन के स्टेट प्रतिनिधि, महिला बाल विकास विभाग और अन्य सहभागी संस्थानों के प्रतिनिधियों से ट्रॉफी प्राप्त की। डीजीपी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए प्रदेश में महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।

**”हम होंगे कामयाब” की अवधारणा:**
मध्यप्रदेश पुलिस की महिला सुरक्षा शाखा ने महिला अपराधों, जिसमें मानव तस्करी भी शामिल है, की रोकथाम और पीड़िताओं के पुनर्वास के लिए एक समन्वित प्रयास किया है। इस पहल में महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण आजीविका मिशन, पर्यटन, श्रम, पंचायत विभाग और एनजीओ शामिल हैं। यह कार्यक्रम “3पी थ्योरी”—प्रिवेंशन, प्रोटेक्शन और प्रोसेक्यूशन—पर केंद्रित है।

**इंदौर और उज्जैन रेंज में पहल की शुरुआत:**
“हम होंगे कामयाब” के तहत इंदौर और उज्जैन रेंज के सात थानों में महिला ऊर्जा डेस्क के साथ सभी स्टेकहोल्डर समन्वित प्रयास कर रहे हैं। अब तक 150 पीड़िताओं की पहचान की जा चुकी है और उनकी मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसलिंग की जा रही है। इन्हें आवश्यकता होने पर आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनका पुनर्वास संभव हो सके। इस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिला है और इसे अन्य विभागों से जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है।

Related Articles