
मंच ने मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप की अपील
प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने कहा कि डीएफओ का आदेश शासन के निर्देशों के विपरीत, वनकर्मियों में रोष और असंतोष व्याप्त
भोपाल । मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच ने डीएफओ सामान्य वन मंडल अनूपपुर द्वारा जारी पदावनति आदेश को शासन विरोधी और मनमाना बताया है तथा इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है। मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा है कि संबंधित अधिकारी ने बिना शासन या वन मुख्यालय की अनुमति के उच्चतर पद पर कार्यरत वन कर्मचारियों को पदावनत करने का आदेश जारी किया है, जिससे प्रदेशभर के वन कर्मचारियों में गहरा असंतोष फैल गया है।
अशोक पांडे ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन या वन मुख्यालय भोपाल ने ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया है, जिसमें पहले से उच्चतर पद पर कार्यवाहक रूप में पदस्थ वन कर्मचारियों को पदावनत करने की बात कही गई हो। इसके बावजूद डीएफओ अनूपपुर ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए ऐसे कर्मचारियों को उनके पूर्व पद पर लौटाने का आदेश जारी किया है।
उन्होंने कहा कि पदोन्नति सेवा नियम 2025 के अनुसार केवल उस दिनांक के बाद नई कार्यवाहक पदस्थापना नहीं की जाएगी, किंतु पहले से पदस्थ कर्मचारियों पर इसका प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। कर्मचारी मंच ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी पांच दिवस के भीतर इस आदेश को वापस नहीं लिया गया, तो वन कर्मचारी मंच के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।



