
आतिशी पर एक्शन लेने की तैयारी
नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में शनिवार को दिल्ली में मतदान हो रहा है। इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के वोटर्स वाले इलाकों में धीमी वोटिंग करने को कहा गया है। आप और दिल्ली सरकार की ओर से लगाए गए आरोप पर एलजी वीके सक्सेना ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी की ओर से किए गए दावे को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी साझा किया था। इस पर एलजी ने जवाब देकर जहां केजरीवाल पर तंज कसा, वहीं झूठे आरोप लगाने के लिए मंत्री आतिशी पर एक्शन लेने की बात कही है।
एलजी ने केजरीवाल को जवाब देकर लिखा, आदत ही बना ली है आप ने तो ए केजरीवाल साहब, जिस हाल में रहना, बस रोते हुए रहना! चुनाव की पूर्व संध्या पर एक मंत्री की ओर से संवैधानिक संस्था पर झूठे और अनुचित बयान पर, जिसका अपने समर्थन किया है, कड़ा संज्ञान लिया है।
एलजी ने इस दावे को मतदातओं को भ्रमित करने वाला और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। एलजी ने आतिशी पर एक्शन लेने की बात कह कर कहा, यह अनुचित बयान अस्वीकार्य है और अक्सर इस तरह के बेतुके और मनगढ़ंत दावे वोटर्स को भ्रमित करके लोकतंत्र को नष्ट करने के लिए दिए जाते हैं। दरअसल आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने एलजी पर आरोप लगाया कि उन्होंने इंडिया गठबंधन के समर्थन वाले इलाकों में धीमी वोटिंग का आदेश दिया है। आतिशी ने लिखा, ऐसी जानकारी मिली है कि आज एलजी ने दिल्ली पुलिस को आदेश दिए हैं कि जहां इंडिया गठबंधन के वोटर भारी संख्या में हैं, वहां पर वोटिंग धीरे करनी हैं, ताकि लोगों को वोट डालने में दिक्कत हो। प्रशासन द्वारा भाजपा को जिताने का ऐसा कोई भी प्रयास गैर-कानूनी, गैर-लोकतांत्रिक और गैर-संवैधानिक है। और मैं उम्मीद करती हूं कि चुनाव आयोग इसका संज्ञान लेगा, और इसतरह के किसी भी प्रयास पर रोक लगाएगा।



