
भिंड प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, भिंड में लेटर ऑफ इंटेंट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह और जिला रोजगार अधिकारी श्री उपेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।
भिंड में करियर मेले से 212 विद्यार्थियों को मिला रोजगार
प्रदेश स्तरीय ओपन विशेष भर्ती अभियान करियर मेले के तहत चार प्रमुख कंपनियों—डी.एम.एफ.सी.एस पुणे, शिरवल मानावुकी अनअकैडमी महाराष्ट्र, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एमआरएफ ने कुल 212 विद्यार्थियों का चयन किया। सभी चयनित विद्यार्थियों को विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह द्वारा लेटर ऑफ इंटेंट वितरित किए गए।
“विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए कौशल विकास जरूरी” – विधायक कुशवाह
विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “विकसित भारत” का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक विद्यार्थी अपने कौशल के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि भिंड जिले के कई गांवों में टमाटर की खेती बड़े पैमाने पर होती है, यदि कंपनियां सीधे किसानों से टमाटर खरीदकर प्रसंस्करण करें, तो यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वरोजगार और निजी कंपनियों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की संख्या सीमित है, इसलिए विद्यार्थियों को निजी क्षेत्र में उपलब्ध असीमित अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
“विद्यार्थियों में अपार संभावनाएं, कौशल विकास से खुलेगा रोजगार का नया द्वार”
जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह ने कहा कि युवाओं में कौशल की कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा में मेहनत करने की जरूरत है। जिला रोजगार अधिकारी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि भिंड में हर महीने रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न कंपनियां युवाओं को प्रत्यक्ष भर्ती का अवसर प्रदान कर रही हैं।
भविष्य में और अवसर, अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
प्रधानाचार्य डॉ. आर.ए. शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में और अधिक कंपनियों के साथ एमओयू साइन करेगा ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को रोजगार मिल सके। स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. आशीष गुप्ता ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।





