State

खिरिया गांव में हुआ भव्य धार्मिक आयोजन, बड़ी धूमधाम से निकली कलश यात्रा

गुना । ग्राम पंचायत गरेठी के अंतर्गत आने वाले खिरिया ग्राम में सात दिवसीय श्री श्री 1008 सप्त कुंडीय श्रीराम जानकी प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत बुधवार को भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खुशहाली और समृद्धि की कामना के साथ ग्रामवासियों ने ध्वज पताका फहराकर मंगल गीत गाते हुए शोभा यात्रा निकाली। इस अवसर पर यज्ञ के प्रमुख कर्ता महाराज जानकी दास, यज्ञ आचार्य पंडित जयराम महाराज शास्त्री, साधु-संत समाज और गांव के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कलश यात्रा में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों जैसे जयराम लोधी, मास्टर बृजभान सिंह, हरि सिंह लोधी, कल्याण लोधी, रामराज लोधी, बाबूलाल लोधी, बट्टू लाल आदि की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। साथ ही ग्राम के उप सरपंच राजपाल सिंह सोलंकी तथा श्रीमती रजनी राजेन्द्र सिंह सोलंकी ने भी इस धार्मिक यात्रा में सहभागिता की।

इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवा शामिल हुए, जिन्होंने सिर पर कलश लेकर धार्मिक उत्सव को भक्ति-भावना से सराबोर कर दिया। यज्ञ का उद्देश्य ग्राम व क्षेत्र में शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक जागरण को बढ़ावा देना है।

खिरिया ग्राम में धार्मिक वातावरण से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्राम्य संस्कृति और परंपरा को संजोने का एक सुंदर प्रयास भी है।

Related Articles