शाहजहांपुर में तेज़ाब हमला: शक के चलते पति ने पत्नी, बेटा और बेटी पर फेंका तेजाब, तीनों गंभीर रूप से घायल

शाहजहांपुर । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने शक के चलते अपनी पत्नी, बेटे और बेटी पर सोते समय तेज़ाब से हमला कर दिया। यह घटना जिले के एक किराए के मकान में हुई, जहाँ पीड़ित महिला रामगुनी अपने बेटे रचित (20) और बेटी नेहा (22) के साथ रहती थीं।
बताया जा रहा है कि आरोपी पति रामगोपाल को शक था कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंधों में है और इसी कारण वह उससे अलग रह रही थी। शक की इसी आग में जलते हुए उसने देर रात घर में घुसकर तीनों पर एसिड अटैक कर दिया। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामगोपाल और उसके साले गुड्डू के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा और तेजाब हमलों की भयावहता को उजागर करती है। पुलिस मामले को घरेलू हिंसा, एसिड अटैक, और साजिशन हमला की दृष्टि से देख रही है।





