
गोहद चौराहा/ भिंड : नवरात्रि महोत्सव के दौरान गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में भक्तों द्वारा जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर भक्ति भाव से पूजन-अर्चन किया जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में श्रद्धालु माता की सुंदर झांकियां सजाकर, पूजा-अर्चना और व्रत का पालन करते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे भीड़भाड़ भी काफी बढ़ जाती है।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉक्टर आसित यादव के निर्देशन में गोहद चौराहा थानाप्रभारी बृजेन्द्र सिंह सेंगर ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। उन्होंने मुख्य चौराहा मार्ग, स्टेशन मार्ग और ग्वालियर-भिंड रोड पर पुलिस बल के साथ गश्त की। इस दौरान माता की झांकियों में महिला आरक्षकों को भेजकर सुरक्षा का जायजा लिया गया, जिससे मनचलों में हड़कंप मच गया और कई असामाजिक तत्व मौके से फरार हो गए।
थानाप्रभारी की इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में भय का माहौल है, वहीं आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था से माहौल सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहता है।





