
भोपाल, । शहर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित ड्राय फ्रूट्स एवं किराना व्यापारी की दुकान में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सारा माल जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, परंतु भारी मात्रा में रखा ड्राय फ्रूट्स, किराना सामग्री, पैकिंग स्टॉक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है। पुलिस और बिजली विभाग की टीम द्वारा घटना की विस्तृत जांच जारी है। व्यापारी ने बताया कि दुकान में नया स्टॉक हाल ही में भरा गया था, जिससे नुकसान की राशि 10 से 15 लाख रुपये तक हो सकती है।
व्यापारी वर्ग में चिंता और आक्रोश
घटना से क्षेत्र के व्यापारी वर्ग में चिंता और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि हनुमानगंज जैसे घनी बाजारों में बिजली सुरक्षा उपायों को तत्काल प्रभाव से सख्ती से लागू किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।





