State

रीवा में पारिवारिक विवाद: महिलाओं पर मुरुम डालने के आरोपी गिरफ्तार, डंपर जब्त

भोपाल/रीवा। रीवा के थाना मनगवां अंतर्गत हनौता कोठार गांव में जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में दो महिलाओं पर डंपर से मुरुम डालने के मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि यह एक पारिवारिक विवाद है। इस मामले में पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और आरोपी विपिन पांडेय को हिरासत में लिया गया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। महिलाओं का अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई है।

हनौता कोठार में जमीनी विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फरियादी आशा पांडेय (25 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनका पारिवारिक ससुर गौकरण पांडेय से साझे की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे गौकरण पांडेय और देवर विपिन पांडेय ने विवादित जमीन पर सड़क बनवाने के लिए हाइवा से मुरुम मंगवाया। आशा पांडेय और उनकी देवरानी ममता पांडेय ने हाइवा क्रमांक एमपी 17 एचएच-3942 के चालक को मुरुम गिराने से मना किया। लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं सुनी और अचानक मुरुम गिरा दी, जिससे दोनों महिलाएं मुरुम में दब गईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जयदीप प्रसाद ने बताया कि यह एक पारिवारिक विवाद है जिसमें कोई दलित/आदिवासी महिला शामिल नहीं है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर डंपर जब्त किया है। आरोपी विपिन पांडे पुलिस की गिरफ्त में है और अन्य दो आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

इस घटना से संबंधित सभी नवीनतम अपडेट के लिए जुड़े रहें और अधिक जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट विजिट करें।

Related Articles