भोपाल: मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच से संबद्ध स्थायी कर्मी और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी समिति के प्रतिनिधि मंडल ने आज राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) भोपाल के कुलपति और सचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों से कुलपति को अवगत कराया। प्रतिनिधि मंडल में प्रांता अध्यक्ष अशोक पांडे, विभागीय समिति अध्यक्ष अमर अहिरे, उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, महामंत्री कु. शाजली इजहार, संतोष सूर्यवंशी, विजय रैकवार, राजबहोर पांडे, आरिफ मोहम्मद, प्रियंका शर्मा, राज बिहारी सेन, और कुलदीप सिंह तोमर शामिल थे।
मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आरजीपीवी के स्थायी और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की नियमितीकरण, सातवें वेतनमान का लाभ, स्थायीकरण और कुशल/अर्ध-कुशल श्रमिक बनाने की मांगें विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हुआ है।
आज कर्मचारी मंच ने विश्वविद्यालय के कुलपति, सचिव, डायरेक्टर यूआईटी, और परीक्षा नियंत्रक को कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।