
भोपाल, । निगम मंडल के वरिष्ठ कर्मचारी नेता अनिल बाजपेई ने घोषणा की है कि दैनिक वेतन भोगी और अन्य कर्मचारी 7 जनवरी को गौतम नगर, भोपाल में एक सम्मेलन आयोजित करेंगे। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के नियमितीकरण, प्राइवेट कंपनियों की समाप्ति, सभी कर्मचारियों को स्थाई कर्मी बनाना, और कर्मचारियों के लिए बीमा लाभ सुनिश्चित करना है।
बाजपेई ने बताया कि वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंधन के तहत कर्मचारियों को ₹28 लाख अधिक भुगतान किया जा रहा है, जबकि वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन खुद कर्मचारियों को डायरेक्ट भुगतान करता है। इससे कंपनी को करीब ₹28 लाख की बचत हो रही है। इसके अलावा, 3606 कर्मचारियों को बीमा करवाया गया था, लेकिन बाद में बीमा लाभ से वंचित किया गया, जिससे कई कर्मचारियों को दुर्घटनाओं और मृत्यु के बावजूद कोई मदद नहीं मिल पाई।
इस मुद्दे पर उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की गई है, और एक ज्ञापन भी प्रस्तुत किया जाएगा। सम्मेलन में राज्य के माननीय खाद्य मंत्री को भी आमंत्रित किया गया है। कर्मचारी नेता मुकेश साहू, धीरेन शर्मा, बालकिशन साहू, राहुल जैन, सुनील अवस्थी, प्रमोद यादव, कैलाश खातेगांव आदि से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की गई है।
इस सम्मेलन में सरकारी और सेमी-गवर्नमेंट कर्मचारियों के अधिकारों और कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने उम्मीद जताई है कि इस सम्मेलन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा और उनकी स्थिति में सुधार होगा।




