10 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: 1 से 19 वर्ष के बच्चों को मुफ्त एलबेंडाजोल गोली का वितरण

भोपाल। 10 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर, 1 से 19 वर्ष के बच्चों को कृमिनाशक एलबेंडाजोल गोली का वितरण किया जाएगा। यह अभियान शासकीय स्कूलों, प्राइवेट स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर चलाया जाएगा, जिससे पेट में कीड़े के संक्रमण से बच्चों का बचाव सुनिश्चित किया जा सके। भोपाल जिले में लगभग 9.5 लाख बच्चों को इस गोली का सेवन कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को आवश्यक एलबेंडाजोल दवा उपलब्ध करा दी है। यह दवा नोडल टीचर की उपस्थिति में दी जाएगी, और दवा के सेवन के तरीकों और इसके लाभों की जानकारी के लिए नोडल टीचर को प्रशिक्षित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी शामिल किया गया है, ताकि एनीमिया के खिलाफ जागरूकता फैलाई जा सके और समाज में सकारात्मक परिवेश का निर्माण हो सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल, डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि न्यूट्रीशनल एनीमिया का एक प्रमुख कारण पेट में कीड़े होना है। एलबेंडाजोल गोली का सेवन कर, बच्चों को कृमि से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सकता है, जिससे उनके बौद्धिक, शैक्षणिक और शारीरिक विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह गोली पूरी तरह से सुरक्षित है।