आपूर्ति निगम के कर्मचारियों में असंतोष: 27 माह के सातवें वेतनमान का एरियर न मिलने से आंदोलन की चेतावनी
*भोपाल**। आपूर्ति निगम में सातवें वेतनमान के 27 माह का एरियर न मिलने और कर्मोन्नति का लाभ न दिए जाने से कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। सेमी गवर्मेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष अनिल बाजपेई और अर्द्ध शासकीय अधिकारी कर्मचारी सार्वजनिक उपक्रम संघ के प्रांताध्यक्ष अरुण वर्मा ने इस मुद्दे पर नाराजगी जताई है।
वर्मा और बाजपेई के अनुसार, आपूर्ति निगम के संचालक मंडल ने 9 साल पहले राज्य सरकार को सातवें वेतनमान के एरियर के भुगतान के लिए प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अब तक इसका क्रियान्वयन नहीं हो पाया है। साथ ही, कर्मियों को क्रमोन्नति का लाभ भी नहीं दिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों में रोष है।
कर्मचारियों का कहना है कि एरियर का भुगतान और क्रमोन्नति का लाभ कब मिलेगा, इसे लेकर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कई कर्मचारी यह कहते हुए नाराजगी जता रहे हैं कि क्या यह लाभ उनके मरने के बाद मिलेगा? कर्मचारियों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है, अगर जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वरिष्ठ कर्मचारी नेता अनिल बाजपेई और अरुण वर्मा ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (खाद्य और वित्त) और आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक से अनुरोध किया है कि वे तुरंत 27 माह के एरियर का भुगतान करें और कर्मियों को क्रमोन्नति का लाभ दें। अन्यथा, धरना-प्रदर्शन और आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी निगम प्रबंधन और राज्य सरकार की होगी।
इस मांग का समर्थन करने वालों में मेघराज यादव, गजेंद्र कोठरी, संतोष मिश्रा, हेमराज मोरे, अनिल जैन, जय सिंह, गिरीश यादव, पी.सी. जैन, पी.एल. शर्मा, आर.एस. रघुवंशी, ए.के. ब्योहार, और पी.एस. जाट सहित कई कर्मचारी शामिल हैं।