State

दीनदयाल रसोई योजना” बना देश के लिए मॉडल: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों ने भोपाल में किया अध्ययन, जल्द ही यूपी में भी होगी शुरुआत

भोपाल, । मध्य प्रदेश सरकार की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी लोकप्रिय योजना, दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना, अब दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। गरीबों और जरूरतमंदों को मात्र ₹5 में स्वच्छ, पोषणयुक्त और घर जैसा भोजन उपलब्ध कराने वाली इस योजना की कार्यप्रणाली को समझने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राजधानी भोपाल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम भोपाल द्वारा संचालित दीनदयाल रसोई केन्द्रों का दौरा किया और भोजन की गुणवत्ता, संचालन प्रणाली व डिजिटल टोकन व्यवस्था का गहराई से अध्ययन किया।




भोपाल के पुतलीघर रसोई केंद्र पर प्रतिनिधियों ने खुद लिया टोकन, किया भोजन

उत्तर प्रदेश के राज्य शहरी आजीविका मिशन के प्रबंधक डॉ. कमल कुमार सिंह और श्री मनोज कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने नगर निगम भोपाल द्वारा संचालित शाहजहानी पार्क और पुतलीघर बस स्टैंड के दीनदयाल रसोई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. सिंह ने स्वयं पोर्टल पर डिजिटल एंट्री कर ₹5 का टोकन लिया और रसोई केंद्र में बैठकर दोपहर का भोजन किया।

भोजन की गुणवत्ता को उन्होंने “घर जैसा” बताया और रसोई की सफाई, वितरण प्रक्रिया, किचन स्टाफ की कार्यशैली और ऑनलाइन पोर्टल आधारित निगरानी प्रणाली की प्रशंसा की।
योजना की पारदर्शिता और संचालन प्रणाली की सराहना

नगर निगम की अपर आयुक्त एवं मिशन संचालक सुश्री टीना यादव और नगरीय विकास संचालनालय के मिशन प्रबंधक श्री दुर्गेश तिवारी ने यूपी के प्रतिनिधिमंडल को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर लाभार्थी की पोर्टल पर एंट्री के आधार पर ही रसोई संचालकों को सरकारी अनुदान मिलता है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।

उत्तर प्रदेश में जल्द शुरू हो सकती है योजना

डॉ. कमल कुमार सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश की यह योजना न सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए मददगार है, बल्कि शहरी क्षेत्र में गरिमा के साथ भोजन की उपलब्धता का आदर्श मॉडल भी है। उन्होंने संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार भी इस योजना को अपने शहरी निकायों में लागू करने की दिशा में काम करेगी।

Related Articles